आजमगढ़ : ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अंबेडकर डीपो ललित कुमार श्रीवास्तव ने एक संविदा चालक व दो परिचालकों की सेवाएं समाप्त कर दीं। पिछले कई माह से संविदाकर्मी ड्यूटी से नदारद चल रहे थे। कर्मियों पर हुई कार्रवाई से संविदा कर्मियों को पसीना छूटने लगा है। इसके पहले भी दो चालक व तीन परिचालकों की सेवा समाप्त हो चुकी है।
एआरएम अंबेडकर ने बताया कि महेंद्र यादव की 22 मई 2010 में संविदा पर चालक के पद पर नियुक्ति हुई थी। वह एक मई से बिना बताए ही ड्यूटी से गैरहाजिर था। वहीं राजपति सिंह की 28 सितंबर वर्ष 2018 व सुजीत सिंह की पांच फरवरी 2019 में परिचालक के पद पर नियुक्ति हुई थी। उन्होंने बताया कि परिचालक दोनों एक मई से अपनी ड्यूटी से नदारद हैं। एआरएम ने बताया कि संविदा चालक व परिचालकों को नोटिस जारी किया गया लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। उन्होंने बताया कि संविदा कर्मियों का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। उनकी अन्य धनराशि, यदि कोई हो, तो समायोजित अवशेष धनराशि जब्त करने व संविदा सूची से नाम काटने की कार्रवाई भी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें