आजमगढ़ में सनसनी: सब्जी-किराना दुकानदार पर बदमाश ने झोंकी तीन गोलियां, परिवार दहशत में.
ओम प्रकाश गुप्ता निज़ामाबाद
आजमगढ़ जनपद के बेलनाडीह क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक दबंग बदमाश ने एक सब्जी-किराना विक्रेता की दुकान पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। घटना शाम लगभग छह बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सोनू मद्धेशिया (पुत्र स्व. रामाश्रय) की दुकान पर पूरा परिवार रहता भी है। उसी दौरान राणा सिंह (पुत्र दुर्ग विजय सिंह) नामक व्यक्ति अचानक दुकान पर पहुंचा और बिना किसी बातचीत के सीधे फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही दुकानदार और परिवार के सदस्य जान बचाकर अंदर घर में भाग गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी पहले भी लगभग छह माह पूर्व दुकान पर चढ़कर गाली-गलौज और धमकी दे चुका है। उस समय परिवार ने डर के कारण पुलिस में शिकायत नहीं की थी। अब इस घटना के बाद पूरा परिवार भयभीत है और घर में सहमा हुआ है। आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं कि पुलिस में जाने पर पूरे परिवार को गोलियों से भून दिया जाएगा। इससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो गया है। अब सभी की नजर योगी आदित्यनाथ सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आरोपी कब गिरफ्तार होता है और पीड़ित परिवार को सुरक्षा कब मिलती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें