ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के स्वास्थ्य को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे बलराज भाटी अब तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं और जल्द ही अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा सकते हैं। यह जानकारी मिलते ही संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बलराज भाटी का इलाज ग्रेटर नोएडा स्थित फॉर्टिस हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही थी। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश त्यागी ने भारतीय किसान यूनियन बलराज के प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है और अब वह लगभग पूरी तरह स्वस्थ हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पिछले दिनों संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कई स्थानों पर हवन, यज्ञ और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया था। किसानों और समर्थकों ने उनकी लंबी उम्र और जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। अब स्वास्थ्य में सुधार की खबर से कार्यकर्ताओं में उत्साह और राहत का माहौल है।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव ने कहा कि बलराज भाटी केवल संगठन के नेता नहीं, बल्कि किसानों के संघर्ष और अधिकारों की मजबूत आवाज हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने की खबर से पूरे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
उन्होंने फॉर्टिस हॉस्पिटल की चिकित्सा व्यवस्था और डॉक्टरों की टीम की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजी से स्वस्थ हुए हैं।
संगठन के कार्यकर्ताओं को अब उस पल का इंतजार है, जब बलराज भाटी फिर से किसानों के बीच लौटकर उनके हक और सम्मान की लड़ाई को नई मजबूती देंगे। यह खबर भारतीय किसान यूनियन बलराज के लिए नई उम्मीद और उत्साह का संदेश लेकर आई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें