आजमगढ़ से शमीम जयरजपुरी की रिपोर्ट
महत्वपूर्ण सीट फूलपुर-पवई के साथ ही मुबारकपुर, सगड़ी, अतरौलिया सीट पर अभी नहीं खोले पत्ते, संशय बरकार
आजमगढ़ । भारतीय जनता पार्टी ने सपा के बाद आजमगढ़ जिले के छह विधान सभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिये। जबकि जिले के महत्वपूर्ण सीट फूलपुर-पवई के साथ ही मुबारकपुर, सगड़ी, अतरौलिया सीट पर अभी पत्ता नहीं खोला हैं। जिससे किसे टिकट मिलना है इसको लेकर अभी संशय बरकार है।
आजमगढ़ जिले में विधान सभा की कुल 10 सीटें हैं। जिनमें से भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को छह सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिये। बहुजन समाज पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में भाजपा ने दस विधानसभा में से जो छह प्रत्याशी के नाम घोषित किए हैं, उनमें आजमगढ़ सदर सीट से अखिलेश मिश्र उर्फ गुड्डू , निजामाबाद से मनोज यादव, दीदारगंज से डा. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, लालगंज सुरक्षित सीट से नीलम सोनकर, मेंहनगर सुरक्षित सीट से मंजू सरोज व गोपालपुर से सत्येंद्र राय के नाम शामिल हैं।
इनमें अखिलेश मिश्र गुड्डू तथा कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा का पुराना चेहरा हैं। इन्होंने वर्ष 2017 में भाजपा से इसी सीट पर चुनाव लड़ा था, मगर सफलता नहीं मिल सकी थी। वर्ष 2017 में मेंहनगर सुरक्षित सीट से भाजपा एवं सुभासपा गठबंधन में सुभासपा की प्रत्याशी रहीं मंजू सरोज अब भाजपा का चेहरा बनकर चुनाव मैदान में आयी हैं। भाजपा ने इकलौती सीट फूलपुर-पवई से अभी किसी को उम्मीदवार नहीं बनाया है। समाजवादी पार्टी ने यहां से भाजपा विधायक अरुणकांत के पिता रमाकांत यादव को टिकट दिया है। नीलम सोनकर पहली बार विधायक बनने के लिए चुनाव लड़ेंगी। वह लालगंज सुरक्षित सीट से वर्ष 2014 में भाजपा से सांसद चुनी गईं थीं। वर्तमान में भाजपा संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें