आजमगढ़: मिशन शक्ति 5.0 के तहत बड़ी कार्रवाई — किशोरी से छेड़खानी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार.
ओम प्रकाश गुप्ता निज़ामाबाद.
महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत रौनापार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को एक नाबालिग छात्रा स्कूल से साइकिल द्वारा अपने घर लौट रही थी। रास्ते में ग्राम उर्दिहा के रहने वाले दो युवकों ने उसकी साइकिल रोक ली, हाथ पकड़कर छेड़खानी की और उसका मोबाइल नंबर मांगने लगे। पीड़िता के परिजनों द्वारा दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने 13 फरवरी को मुकदमा दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले में मु0अ0सं0 34/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस तथा 7/8 पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया और विवेचना उपनिरीक्षक शिवम मिश्र को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों — नमन पटेल (21 वर्ष) और सिकन्दर (19 वर्ष), निवासी ग्राम उर्दिहा — को उनके घर से दोपहर करीब 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार नमन पटेल के विरुद्ध पूर्व में भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है, जबकि सिकन्दर का इस मामले में पहला अपराध बताया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है तथा ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें