आजमगढ़ | 12 मार्च 2026
आजमगढ़ के मंडलीय चिकित्सालय में मानवता को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां इलाज कराने आई 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप एक डॉक्टर पर लगा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी (85 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम करनपुर, पोस्ट चन्देश्वर, थाना जहानागंज (आजमगढ़) इलाज के लिए अस्पताल की ओपीडी में पहुंची थीं। आरोप है कि ओपीडी में तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विनोद कुमार ने इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की।
परिजनों का कहना है कि जब बुजुर्ग महिला के बेटे ने डॉक्टर के इस व्यवहार का विरोध किया, तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि डॉक्टर ने उनके साथ मारपीट की और धमकी भी दी। इतना ही नहीं, बिना किसी प्राथमिक जांच या एक्स-रे के सीधे प्लास्टर चढ़ाने का निर्देश दे दिया, जिसे परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही बताया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह घटना बुजुर्गों के प्रति संवेदनहीनता और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने लाने की भी अपील की गई है।
इस घटना के बाद इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें