आज़मी संवाददाता निजामाबाद
आजमगढ़ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आजमगढ़ से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। शिक्षा को बढ़ावा देने और बेटियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से निजामाबाद क्षेत्र के गौसपुर स्थित महर्षि दत्तात्रेय स्कूल ने एक सराहनीय पहल करते हुए बड़ा फैसला लिया है।
विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की है कि सत्र 2027 से छात्राओं का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क होगा, जबकि छात्रों को 50 प्रतिशत शुल्क में छूट दी जाएगी। इस फैसले से क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई बेटियां आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। कई परिवार अपनी बेटियों को पढ़ाना तो चाहते हैं, लेकिन कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उन्हें स्कूल भेज पाना मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने यह अहम निर्णय लिया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों की बेटियां भी शिक्षा प्राप्त कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है। यदि बेटियां शिक्षित होंगी तो परिवार के साथ-साथ समाज भी मजबूत होगा।
छात्रों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय में एक बड़ी और आधुनिक लाइब्रेरी भी तैयार की गई है, जिसमें विभिन्न विषयों की किताबें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
विद्यालय के इस फैसले की स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के कदम से न केवल गरीब परिवारों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय प्रबंधन के इस निर्णय को समाज के लिए प्रेरणादायक और सराहनीय कदम बताया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें