अवैध असलहा, कारतूस व मोबाइल बरामद, छुट्टा गोवंशीय पशुओं का वध कर बेचते थे मांस।
आजमगढ़, 03 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित पशु के अवशेष बरामदगी मामले का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 01 मई को चौकी लोहरा प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को सूचना मिली थी कि ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे ग्राम फखरुद्दीनपुर स्थित मिट्टी के भीटा पर प्रतिबंधित पशु के सिर, खाल व अन्य अवशेष बोरे में बांधकर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अवशेष बरामद कर पशु चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु सौंप दिया। शेष अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबवाया गया।
इस मामले में थाना मुबारकपुर पर गोवंशीय संरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सलमान अहमद पुत्र मुश्ताक मुकादिम निवासी खैराबाद थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस ने बताया कि 02 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग स्थित एक बाग में अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और पुनः घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की गई, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर उपचार हेतु सीएचसी मुबारकपुर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से 01 अवैध तमंचा, 03 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस, 01 मोबाइल फोन तथा 250 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ छुट्टा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था और मांस बेचता था। 01 मई की रात भी उसने अपने जीजा व अन्य साथियों के साथ मिलकर फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे एक लावारिस पशु का वध किया था, लेकिन लोगों की आहट मिलने पर सभी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, नीरज कुमार शुक्ला, सौरभ सिंह, अश्विनी कुमार मिश्रा सहित थाना मुबारकपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें