आजमगढ़। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने एनआरएलएम के तहत शासकीय धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। कमिश्नर ने शिकायत पर जांच के लिए अपर आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार मिश्र की अध्यक्षता में मंडलीय जांच समिति का गठन किया है और एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने शिकायत की थी कि वैष्णवी ट्रेडर्स जौनपुर को एनआरएलएम के तहत गांवों में बने महिला समूहों की ट्रेनिंग के नाम पर सदस्यों को भोजन के लिए 239 रुपये प्रति सदस्य के हिसाब से पूरे जिले में 3-4 महीने से केंद्रीय प्रबंध करके एनआरएलएम के डिप्टी कमिश्नर ने शासकीय धन का दुरुपयोग किया है। यह कार्य पूर्व में ब्लाकों के माध्यम से होता था। इस पर 40-45 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च आता था। आरोप लगाया कि भोजन के टेंडर में अपनी चहेती फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए 100 करोड़ के टर्नओवर की शर्त रखी गई थी। इससे इस जनपद की किसी फर्म ने टेंडर नहीं डाला। वैष्णवी ट्रेडर्स से ही संबंधित तीन-चार फर्मों के नाम से मिली भगत कर टेंडर डलवाकर कोरम पूरा किया गया है। सीएलएफ शेड ब्लाकों में 1.50 लाख रुपये में बनता था। आज यह मेंहनगर, लालगंज, मार्टीनगंज, ठेकमा आदि ब्लाकों में पांच लाख रुपये में बनाकर फर्जी बिल वाउचर पर पैसा निकाला गया है। वैष्णवी ट्रेडर्स जौनपुर के जरिये 1871 ग्राम पंचायतों में महामारी के नाम पर सफाई के सामान की किट्स बनाकर जिन सामानों की सप्लाई की जा रही है उसकी बाजार में कीमत तीन हजार रुपये से कम है। प्रधानों से 9,941 रुपये लिया जा रहा है। इस कार्य में पूर्व डीपीआरओ श्रीकान्त दर्वे द्वारा सामानों बाजार मूल्य के हिसाब से सही दर निर्धारित नहीं कराई गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें