आजमगढ़ जिले में पहुंची एक और श्रमिक स्पेशल ट्रेन में किलकारी गूंजी है। लुधियाना से चली श्रमिक स्पेशल में सवार अंबेडकरनगर जिले की एक महिला ने फैजाबाद स्टेशन से आगे बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के पिता ने कोरोना संक्रमण काल में जन्मी अपनी बिटिया का नाम कोरोना देवी रखने का मन बना लिया है।
अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर तहसील के कादीपुर गांव निवासी सुभाष राम रोजी रोटी के लिए परिवार समेत लुधियाना में रहता था। कोरोना संक्रमण के चलते जब काम ठप हो गया तो वह परिवार के साथ बृहस्पतिवार को लुधियाना से चली ट्रेन में सवार होकर घर के लिए चल पड़ा। उसकी पत्नी 35 वर्षीया सरोजा देवी गर्भवती थी और डिलिवरी का समय भी चल रहा था लेकिन लुधियाना में हो रही परेशानी के चलते वह ट्रेन से घर वापसी को मजबूर हुई थी।
ट्रेन जब फैजाबाद स्टेशन के आगे निकली तो सरोजा को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। ट्रेन में कोई डॉक्टर तो नहीं थे, जिसके चलते बोगी में मौजूद कुछ महिलाएं आगे आई और प्रसव पीड़ा से तड़प रही सरोज के प्रसव के लिए मदद करने लगी। कुछ ही देर में सरोजा ने नन्ही बच्ची को जन्म दिया। चलती ट्रेन में बच्ची के सकुशल जन्म होने पर बोगी में सवार सभी लोगों में खुशी व्याप्त हो गई।
लोगों ने आगे बढ़ कर सरोजा के पति सुभाष राम को बधाईयां दी। सरायमीर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर जब एसडीएम निजामाबाद को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल डॉक्टर को बुला कर प्रसूता व नवजात की जांच कराई। जांच में दोनों पूरी तरह से स्वस्थ्य व नार्मल मिले।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें