फोन पर पिता की डांट से नाराज युवक शुक्रवार की सुबह शौच का बहाना करके घर से निकला और नहर में जाकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। आजमगढ़ जिले की देवगांव कोतवाली के कलीचाबाद गांव में स्थित नहर के पास लपटें उठते देख एक वृद्ध ने गांव वालों को बताया तो अन्य लोगों को जानकारी हुई। गांव के लोगों ने आग पर काबू पाने के बाद युवक को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। लोग उसे ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृत युवक अवधेश चौहान (22) पुत्र सिपाहीलाल चौहान देवगांव कोतवाली के मोलनापुर गांव का निवासी था। वह दो भाई और एक बहन में छोटा था। पिता और बड़ा भाई मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं और बहन की शादी हो चुकी है। अवधेश घर पर अपनी मां के साथ रहता था। अवधेश कोई काम नहीं करता था। इस बात को लेकर अक्सर उसके घर में विवाद होता था। तीन दिन पूर्व वह कहीं मजदूरी करने गया हुआ था।
इसके बाद काम बंद हो जाने पर घर पर था। बताया जाता है कि अवधेश के पिता ने उसे मुंबई से फोन करके फटकार लगाई थी। इसके बाद वह शुक्रवार की सुबह अपनी मां से काम ढूंढने की बात कहकर घर से निकला था। सुबह करीब दस बजे मोलनापुर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित कलीचाबाद नहर के पास गया और अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कर खुद को आग लगा ली। अवधेश आग का गोला बनकर जल रहा था।
यह दृश्य उधर से गुजर रहे एक वृद्ध ने देखा तो शोर मचाते हुए गांव जाकर लोगों को बताया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। गांव के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आनन-फानन में अवधेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर देख डाक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। लोग उसे ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि मौत हो गई। सीओ लालगंज अजय यादव ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला कि उसका मानसिक रूप से परेशान था। घर वालों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। लाश पीएम को भेजवा दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें