चक्रपानपुर (आजमगढ़) : जिले में सड़कों की हालत दुर्दशाग्रस्त हो चली हैं। इसकी हकीकत चक्रपानपुर बाजार में देखने को मिल रहा है। इस मार्ग पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं, कि वाहन के साथ कमर भी तोड़ डालें। उबड़-खाबड़ सड़कें होने से आए दिन वाहन जवाब दे जाते हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। मरम्मत के बारे में प्रशासन तनिक भी नहीं सोच रहा है।
चक्रपानपुर चौराहे से पूरब का मार्ग कादीपुर, दौलताबाद होते हुए जहानागंज व चिरैयाकोट तक जाता है। इस मार्ग पर हजारों वाहनों का आवागमन होता है। चौराहे से मात्र 50 मीटर पूरब की लोक निर्माण विभाग की यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। थोड़ी सी बारिश होने पर तालाब जैसा हो जाता है। इससे पता भी नहीं चल पाता कि कहां गड्ढा है और कहां नहीं। लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। शुक्रवार को हुई बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ फैल गया जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। सड़क की दोनों पटरियों पर बनी दुकानों के संचालक व ग्राहकों को काफी परेशानी हो रही है। किराना व्यवसायी रामनरायन बरनवाल, आभूषण विक्रेता हीरा सेठ, कामता यादव, कैलाश जायसवाल, लव जायसवाल, संतोष पांडेय, राजू गुप्ता व संजय जायसवाल आदि लोगों ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें