आजमगढ़ संवाददाता
आजमगढ़। आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद में एक विशेष बहुउपयोगी विधिक जागरूकता प्रचार वाहन को रवाना किया गया। यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा की गई है, जिसका लक्ष्य गांव-गांव तक कानून की जानकारी पहुंचाना है।
प्राधिकरण की सचिव नितिका राजन ने बताया कि यह वाहन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। यह वाहन उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त हुआ है और सुबह करीब 10 बजे विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया
उन्होंने बताया कि इस प्रचार अभियान के तहत दूरस्थ गांवों, गरीब और वंचित वर्ग के लोगों तक विशेष शिविरों के माध्यम से उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। साथ ही लोक अदालत, मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता, महिला-बाल संरक्षण कानूनों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की हेल्पलाइन से जुड़ी सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा।
सचिव ने बताया कि यह अभियान 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मेगा विधिक जागरूकता शिविर के प्रचार के लिए चलाया जा रहा है। इस शिविर में पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ मौके पर ही कानूनी सलाह भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे संबंधित विभागों में आवेदन कर 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में अवश्य पहुंचें और अपने अधिकारों तथा योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। यह पहल न्याय को हर व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें