आजमगढ़ : प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में उत्तर प्रदेश सरकार के तीन साल का कार्यकाल शानदार व जानदार रहा है। ईमानदार और जनता के लिए 18 से 20 घंटे अनवरत कार्य करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में भाजपा की पहली उत्तर प्रदेश सरकार में हर वर्ग को सबका साथ और सबका विकास के साथ ही योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
गन्ना मंत्री ने यह बातें शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस-प्रतिनिधियों से वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि इसके पहले उत्तर प्रदेश की सरकारें आईं और गईं लेकिन किसी ने उत्तर प्रदेश सरकार का स्थापना दिवस नहीं मनाया। कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में सेवानिवृत्ति की उम्र 60 से 62 वर्ष कर दी। 30 मेडिकल कॉलेज खोले गए। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में हर रविवार को सीएचसी व पीएचसी पर जांच की जा रही है। गन्ना किसानों का 92 हजार 400 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। सपा-बसपा के 10 वर्ष के कार्यकाल में 29 चीनी मिलें बंद हो गईं थीं लेकिन भाजपा की तीन साल की सरकार में डेढ़ दर्जन चीनी मिलें चालू की गईं। उन्होंने सपा का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा परिवारवाद, जातिवाद की राजनीति से दूर रही है। गुंडागर्दी की कहीं गुंजाइश ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने कर्मचारियों के साथ धोखा किया है। मंत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार की अन्य योजनाओं का बखान किया।
अस्पतालों का किया निरीक्षण
अतरौलिया (आजमगढ़) : जनपद भ्रमण पर आए कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने अतरौलिया स्थित सौ शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने हॉस्पिटल की साफ-सफाई, दवा वितरण, लैब, बेड के साथ ही हॉस्पिटल में बने 29 बेड के क्वारंटाइन वार्ड व आइसोलेशन वार्ड का बारीकी से निरीक्षण किया। वार्ड में वायरस की रोकथाम के लिए लगाए गए उपकरणों को देखा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए कोरोना वायरस की रोकथाम की व्यवस्था पर संतुष्ट होते हुए मंत्री ने हॉस्पिटल की प्रशंसा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके मिश्रा तथा हॉस्पिटल के सीएमएस डा. केके झा से व्यवस्था के बारे में पूछा। डा. केके झा ने बताया कि तीन वार्डों को मिलाकर 29 बेड का आसोलेशन वार्ड व आठ बेड का क्वारंटाइन वार्ड बनाया गया है। मंडलीय जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड का हाल जाना। अस्पताल की व्यवस्था से संतुष्ट हुए। उन्होंने अधिकारियों से दवा, इलाज आदि के बारे में जानकारी लेने के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। मौके पर एसआइसी डा. एसकेजी सिंह, डा. ओमप्रकाश आदि थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें